कसडोल पुलिस को चेतावनी 7 दिन में यातायात की अवैध वसूली और अवैध शराब बिक्री बंद हो विधायक संदीप साहू कसडोल थाना गेट पर बैठें धरना पर
Thursday, 23 Jul 2026 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
बलौदाबाजार/कसडोल, 24 जुलाई 2026।
कसडोल क्षेत्र में किसानों एवं आमजनो से यातायात पुलिस द्वारा लगातार की जा रही अवैध वसूली और अवैध शराब की बिक्री के विरोध में कसडोल विधायक संदीप साहू ने बुधवार को कसडोल पुलिस थाना के मुख्य गेट पर धरना दिया।
विधायक ने आरोप लगाया कि यातायात पुलिस द्वारा किसानों और आमजनों से अवैध वसूली की जा रही है जिससे खेती, किसानी के कार्यों में बाधा पहुंच रही वहीं छोटे मोटे व्यापारियों को भी काफी परेशानी हो रही है। साथ ही कसडोल क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री भी खुलेआम हो रही है जिससे अपराधों में बढ़ोत्तरी हो रही हैं, पुलिस को अवैध वसूली और अवैध कार्यों पर रोक लगाने पर ध्यान देना चाहिए किंतु यहां विपरीत होना प्रतीत हो रहा है जिससे आम जनता और किसान सभी परेशानी झेल रहे हैं।
धरने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे कसडोल एसडीओपी के. के. वासनिक और थाना प्रभारी टीआई मिंज ने विधायक संदीप साहू को जैसे तैसे आश्वस्त किया कि इन कार्यवाहियों पर सुधार लाएंगे l इस दौरान विधायक संदीप साहू ने कहा कि यदि 7 दिवस के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन भी करने को तैयार है।
विदित हो कि विगत कुछ महीनों से कसडोल क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन, अवैध शराब, अपराध, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे स्पष्ट है कि कसडोल पुलिस की कार्यशैली और भूमिका में कहीं न कहीं कमी होना प्रतीत हो रहा है।