
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट सिडनी में खेला जाना है. ये नए साल पर खेला जाने वाला पहला टेस्ट मैच भी होगा. टेस्ट मैच का आयोजन 7 जनवरी से होना है लेकिन उससे पहले जो खबर सामने आ रही है वो अब कुछ और ही कहानी कह रही है. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में कोरोना के मामले एकाएक बढ़ने लगे हैं. सिडनी भी इसकी जद में है. ऐसे में वहां होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया न्यू ईयर टेस्ट पर खतरा मंडराता दिख रहा है. ये खतरा उस टेस्ट मैच के स्थान परिवर्तन से जुड़ा है. ऐसे कयास हैं कि बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए तीसरे टेस्ट मैच का आयोजन सिडनी से बाहर कराया जा सकता है.
द डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना के खतरे को देखते हुए सिडनी टेस्ट को साउथ ऑस्ट्रेलिया की तरफ शिफ्ट किया जा सकता है.इसे लेकर रविवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक आपातकाल बैठक बुलाई है, जिसमें इसे लेकर बड़ा फैसला किया जा सकता है.
सिडनी की जगह किसे मिले मेजबानी ?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने सबसे बड़ा सवाल सिडनी का विकल्प चुनने को लेकर होगा. भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट का आयोजन अगर सिडनी में नहीं हुआ तो फिर और किस शहर मेजबान बनाया जा सकता है. इस सूरत में ब्रिसबेन बैक टू बैक 2 टेस्ट की मेजबानी कर सकता है. पर, उसके लिए ये कम इतना आसान नहीं होगा क्योंकि दो टेस्ट मैचों के बीच वक्त कम होगा. दरअसल, तीसरा टेस्ट 7 जनवरी से शुरू होकर 11 जनवरी को खत्म होगा और 15 जनवरी से फिर चौथा टेस्ट भी शुरू होने को रहेगा.
मेलबर्न भी है विकल्प
भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टेस्ट मैच का एक मेजबान मेलबर्न भी हो सकता है, जहां बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए विक्टोरियन सरकार ने हाल ही में फैंस की संख्या में 5000 का इजाफा करते हुए 25000 से 30000 किया है. इसके अलावा विक्टोरिया में कोरोना का कोई एक्टिव केस भी नहीं है.