24 HNBC News
24hnbc ताइक्वांडो का रिफ्रेशर कोर्स 29 से
Monday, 25 May 2026 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बिलासपुर, 25 मई 2026।
 छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ, बिलासपुर के तत्वावधान में राज्य स्तरीय रेफरी सेमिनार एवं रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन 29 मई से 31 मई तक त्रिवेणी भवन, बिलासपुर में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के ताइक्वांडो रेफरी एवं अधिकारियों को नवीनतम अंतरराष्ट्रीय नियमों एवं तकनीकी बदलावों से अवगत कराना है।
 उपरोक्त जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ बिलासपुर के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सेमिनार में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी एवं प्रशिक्षक सुंदरमनी पटेल विशेष रूप से चंडीगढ़ से बिलासपुर पहुंच रहे हैं। वे प्रतिभागियों को वर्ल्ड ताइक्वांडो (World Taekwondo) द्वारा संशोधित नवीनतम नियमों, प्रतियोगिता संचालन प्रणाली, स्कोरिंग प्रक्रिया, रेफरी के दायित्वों एवं मैच प्रबंधन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार खेलों में समय-समय पर नियमों में होने वाले बदलावों को देखते हुए रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों का अद्यतन ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है, जिससे राज्य के रेफरी राज्य स्तर,राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अधिक दक्षता एवं निष्पक्षता के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।
सेमिनार में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से ताइक्वांडो रेफरी, कोच एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। प्रशिक्षण के दौरान सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिभागियों को नवीनतम नियमों के अनुरूप प्रतियोगिताओं के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ ने सभी पात्र रेफरी, कोच एवं तकनीकी अधिकारियों से समय पर पंजीयन कराकर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने का आग्रह किया है। संघ को विश्वास है कि यह आयोजन प्रदेश में ताइक्वांडो खेल के तकनीकी स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संघ के अध्यक्ष श्री मनोज भिवगड़े एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताएं कि आयोजन की संपूर्ण तैयारी पूरी कर ली गई है और यह आयोजन एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगी