
झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की शाम दुमका की एक घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया। दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला के साथ 17 लोगों ने कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया। इस पूरे घटना पर डीआईजी सुदर्शन मंडल न कहा, "यह घटना कथित रूप से उस समय हुई जब महिला बाजार से अपने घर लौट रही थी। उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।"घटना मंगलवार की देर शाम करीब 7 बजे दुमका प्रखंड क्षेत्र के घांसीपुर गांव के पास हुई। पीड़िता अपने पति के साथ घांसीपुर साप्ताहिक हाट से लौट रही थी। वापस लौटने के दौरान युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। पांच युवकों ने पहले पति के हाथ-पैर को बांध दिया। इसके बाद महिला के पास झाड़ी में ले जाकर बारी-बारी से 17 युवकों ने गैंगरेप किया। बेबस पति अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवकों ने उसकी पिटाई भी की।