
अंबिकापुर। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के गृह विधानसभा क्षेत्र सीतापुर के राजापुर सहकारी समिति में अव्यवस्था और मनमानी का आलम है। यहां सुबह से टोकन लेने के लिए किसान पहुंच रहे हैं। समिति कर्मचारी पहुंच और प्रभाव वाले गिनती के किसानों को टोकन जारी कर अगले दिन आने का निर्देश दे रहे हैं। समिति कर्मचारियों की इस मनमानी और अव्यवस्था से किसानों में नाराजगी है।सोमवार सुबह छह बजे से राजापुर सहकारी समिति में आसपास के कई गांव के किसान पहुंच गए थे। किसानों को बताया गया था कि सुबह नौ बजे से टोकन वितरित किया जाएगा। दो सौ से ग्रामीणों की भीड़ पहुंचने के बाद सभी ने खुद से पहल की और व्यवस्थित तरीके से सभी को टोकन मिल जाए इसलिए वे कतार में खड़े हो गए। जिस प्रकार मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की कतार लगी रहती है ठीक उसी प्रकार किसान कतारबद्ध होकर टोकन वितरण शुरू होने का इंतजार करने लगे। सुबह नौ बजे के बाद समिति से जुड़े कुछ कर्मचारी पहुंच जरूर गए थे। लेकिन टोकन वितरण का काम शुरू नहींकिया गया था। कई घंटे इंतजार के बाद सुबह 11 बजे से टोकन वितरण का काम शुरू हुआ लेकिन अधिकांश किसानों को निराशा हाथ लगी। गिने-चुने किसानों को टोकन जारी कर दिया गया। पहुंच और प्रभाव वाले किसान जिनकी समिति के कर्मचारियों से पहचान थी वे समिति के भीतर जाकर कर्मचारियों से सेटिंग कर टोकन लेने में सफल रहे। अधिकांश किसानों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा धान खरीदी में व्याप्त इस अव्यवस्था और मनमानी को लेकर किसानों में नाराजगी देखी गई। किसानों ने कहा कि यदि एक-दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधारी गई और पूरी पारदर्शी तरीके से टोकन वितरण आरंभ नहीं कराया गया तो सड़क पर उतरने बाध्य हो जाएंगे। राजापुर सहकारी समिति सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है क्षेत्र के विधायक प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत हैं