24 HNBC News
24hnbc अब दुकानदारों को पुलिस प्रशासन पर भरोसा नहीं....
Saturday, 15 Jun 2024 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बलौदाबाजार/भाटापारा ,16 जून 2024। 
 क्षेत्र में अवैध कार्य ,मारपीट की वारदात करने वाले असामाजिक तत्व एवं चोरों के हौसले काफी बुलंद है पुलिस प्रशासन का तनिक भी भय इन पर होता नजर नहीं आ रहा है । आम आदमी ऐसे असामाजिक तत्वों से काफी परेशान एवं अपने आप को असहाय महसूस करने लगे है । इधर चोरी को अंजाम देने में चोर भी पीछे नहीं है इसीलिए पिछले महीने भर से भाटापारा शहर के अति व्यस्ततम वाली हटरी बाजार में स्थित दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी के वारदात को लगातार भय मुक्त होकर चोरों के द्वारा अंजाम दिया जा रहा है ,और पुलिस प्रशासन उक्त चोरों पर कार्यवाही करने पर नाकाम रही है । साथ ही प्रार्थी द्वारा थाने में सूचना देने पर उचित कार्यवाही नहीं किया जाता है एवं पुलिस थाना में खाना पूर्ति के नाम पर सादे कागज पर आवेदन दे दो कहकर डाल दिया जाता है और अपनी जिम्मेदारी से बचते है । वैसे तो शहर के चाहे वह कॉलोनी के घर हो ,गली मोहल्ले की दुकानें हो आए दिन चोरी की वारदात की घटनाएं सुनने को मिलती रहती है । हटरी बाजार स्थित दुकानों में आए दिन शटर के ताले टूट रहे हैं इसी कड़ी में बीते पिछले रात्रि में हटरी बाजार स्थित चार से पाँच सब्जी दुकानों के ताले तोड़कर दुकान में रखें नगदी रकम की चोरी कर ली गई । सब्जी विक्रेता समीर साहू ने बताया कि मेरी दुकान से 11 - 12 हजार नगदी रकम की चोरी कर ली गई है ठीक उसी प्रकार सब्जी विक्रेता लल्लू साहू ,छोटू पटेल के दुकानों से भी हजारों नगदी रकम की चोरी कर ली गई है । इसी तरह चोरों द्वारा हटरी बाजार स्थित मोहम्मद मेराज की कपड़े के दुकान से 32 हजार रुपए के कपड़े के साथ-साथ नगदी 9000 रू. पर पर भी चोरों ने अपना हाथ साफ कर दिया , इसके कुछ दिन पहले यहीं पर स्थित किराने दुकान एवं बीज भंडार पर भी चोरों ने अपना कारनामा को अंजाम दिया था , जिसका अभी तक पुलिस प्रशासन पता नहीं कर पाई है ।उक्त दुकानदारों का कहना है की हमारे द्वारा शिकायत करने के बावजूद भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जाती है , जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और यही कारण है कि इसी स्थान पर आए दिन चोरों द्वारा अपने वारदात को अंजाम दिया जाता है । इस मामले पर हटरी बाजार किराना संघ के अध्यक्ष श्रीचंद छाबड़िया का कहना है कि पिछले महीने भर से हटरी बाजार में चोरी की वारदात बढ़ी है शिकायत करने पर पुलिस प्रशासन द्वारा उचित कार्यवाही नहीं किया जाता है जिससे चोरी को अंजाम देने वालों के हौसले बुलंद है । पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की जन - धन की सुरक्षा के लिए होती है लेकिन इनकी कार्यशैली पर अब शंका होने लगी है,अब हमारी सुरक्षा एवं व्यवसाय भगवान भरोसे है । 
 
(समाचार संकलन  बलौदाबाजार भाटापारा प्रतिनिधि)