लोरमी में गैर राजनीतिक व्यक्ति हो सकता है प्रत्याशी लोरमी और तखतपुर में चुनावी मुकाबला होगा देखने लायक
Sunday, 12 Mar 2023 00:00 am
24 HNBC News
24hnbc.com
समाचार -
बिलासपुर, 12 मार्च 2023। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं कुछ विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के पतली हालत के बावजूद अधिकारियों की इस पार्टी से प्रत्याशी बनने में रुचि बनी हुई है। सूत्र बताते हैं कि जंगल विभाग के एक आई एफ एस जो नौकरी से रिटायर हो गए हैं लोरमी विधानसभा से तैयारी कर रहे हैं। यह तैयारी केवल कागजी नहीं है वह फील्ड भी कर रहे हैं। बताया जाता है कि बढ़गईया साहब अपने कार्यकाल के दौरान बेहद मिलनसार राजनैतिक कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय एनजीओ के पसंदीदा, पत्रकारों के नियर एटीएम कार्ड जैसी विशेषताएं रखते थे हालांकि बाद में उन्हें कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा पर बाद में सब कुछ ठीक होता गया। लोरमी सीट से वर्तमान में धर्मजीत सिंह विधायक हैं वह पहले कांग्रेस में थे और बाद में अजीत जोगी की भक्ति के चलते हुए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस में चले गए और इन दिनों अमित जोगी और रेणु जोगी ने उन्हें अपने राजनीतिक दल से निष्कासित कर रखा है। बार-बार यह चर्चा आती है कि वह भाजपा में चले जाएंगे और अब तो उनके लिए विकल्प के रूप में तखतपुर विधानसभा सीट भी प्रस्तावित की जा रही बताई जाती है। राजनीतिक जानकार यह भी कहते हैं कि पिछले विधानसभा चुनाव में तखतपुर से कांग्रेस ने ले देकर जीत हासिल कर ली थी पर अब वैसी स्थिति नहीं है यदि भाजपा तखतपुर से दमदार नेता उतार दे तो तखतपुर का बदला लिया जा सकता है। और लोरमी में भी सीट जीती जा सकती है। कांग्रेस की रणनीति तखतपुर, लोरमी, मस्तूरी को लेकर कैसी रहेगी यह तो उनके मुख्यमंत्री के हाथों में हैं। बिलासपुर, जांजगीर, मुंगेली, पेंड्रा आगे बढ़े तो कोरबा, सक्ति जिलों में कांग्रेस के लिए परिस्थितियां वैसी अनुकूल नहीं है जरा सी चूक चुनाव में बड़ा नुकसान कर सकती है। ऐसे में प्रत्याशी चयन और जातिगत समीकरण पर ही बहुत कुछ निर्भर करेगा।