24 HNBC News
24hnbc दो मंत्रियों की आपसी बयानबाजी कमजोर हो रही कांग्रेस
Sunday, 01 Jan 2023 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
समाचार -
बिलासपुर, 2 जनवरी 2023। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के बनने के बाद से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं, इन दिनों उनकी कैबिनेट के दो वरिष्ठ मंत्री, पहला गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और एक अन्य मंत्री टी एस सिंह देव जिनके पास स्वास्थ्य विभाग है के बीच बयान बाजी सुर्खियों में है। सरकार के प्रवक्ता की जिम्मेदारी एक अन्य मंत्री रविंद्र चौबे जी के पास है। ऐसे में मंत्री ताम्रध्वज साहू के बयान समझ के परे हैं और जिज्ञासा प्रकट करते हैं कि उन्हें बोलने का इशारा किसने किया है। वे दुर्ग जिले की दुर्ग विधानसभा क्षेत्र से सदन में नुमाइंदगी करते हैं। छत्तीसगढ़ में दुर्ग से अंबिकापुर की दूरी 368 किलोमीटर है। दोनों जिलों की राजनीति में बहुत अंतर है और जो सबसे बड़ा अंतर है वह यह है कि अंबिकापुर में भाजपा हो या कांग्रेस महल की राजनीति से कोई अछूता नहीं है। जबकि दूसरी ओर दुर्ग में कोई महल ही नहीं है नाम ही दुर्ग है। ऐसे में बतौर वरिष्ठ मंत्री पीडब्ल्यूडी, होम का स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव पर टीका टिप्पणी संगत दिखाई नहीं देती, इन दिनों छत्तीसगढ़ की सरकार की आलोचना जिन दो विषयों पर होती है उनमें पहला पीडब्ल्यूडी की घटिया रोड, और दूसरा राज्य मे चरमराती कानून व्यवस्था और दोनों विभाग साहू जी के पास है। ऐसे में राज्य के भीतर सरकार के खिलाफ जो नाराजगी जनता के बीच है उसके पीछे इन 2 विभागों का हाथ ही मुख्य तौर पर है। ऐसा नहीं है कि टीएस के ऊपर कांग्रेस में बयानबाजी नहीं हुई है बयानबाजी तो सदन के अंदर तक हो गई है पर वह सब अंबिकापुर क्षेत्र के विधायकों द्वारा कहा गया जबकि इस बार दुर्ग क्षेत्र का कोई मंत्री अपने ही पार्टी के नेता के खिलाफ बयान दे रहा है अब जब विधानसभा चुनाव का 9 महीना ही शेष है तब सरकार के मंत्रियों के बीच ही इस तरह की बयान बाजी कांग्रेस की चुनावी सेहत को बिगाड़ने वाली है। भारतीय जनता पार्टी जिसके पास ऐसा कोई प्रभावशाली मुद्दा नहीं है जिसके दम पर कांग्रेस को घेरा जा सके तब एक नेता जिसकी पहचान शालीनता के दायरे में रहकर राजनीति करने वाली होती है उसके खिलाफ टीका टिप्पणी किसी दृष्टि से उचित नहीं कही जा सकती।