24 HNBC News
24hnbc चैन से सोने का नाटक भी अब पड़ेगा भारी मनाना तो होगा आजादी का अमृत महोत्सव
Thursday, 14 Jul 2022 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
समाचार - बिलासपुर
बिलासपुर। 18 जुलाई 2022 से केंद्र सरकार नागरिकों को आजादी के अमृत उत्सव के मौके पर राष्ट्र निर्माण के लिए ज्यादा से ज्यादा सहयोग का अवसर देने जा रही है इसी कार्यक्रम के तहत जीएसटी पर अब नागरिक सरकार को ज्यादा सामान पर ज्यादा टैक्स दे सकेंगे। खुश होने की यह अद्भुत बेला है, रोजमर्रा के सामानों के माध्यम से हम आजादी का अमृत उत्सव मनाएंगे। पनीर, लस्सी, बटर, मिल्क, दही, आटा, चावल, शहद, मांस, मछली, गुड़ पर भी 12% जीएसटी लगेगा। ब्लेड, पेपर कैंची, पेंसिल, शार्पनर, चम्मच, कांटे वाला चम्मच जैसी छोटी छोटी चीजों पर हम 18 फ़ीसदी जीएसटी देकर अमृत उत्सव के अवसर पर सरकारी खजाना भरने में ज्यादा योगदान दे सकते हैं। इतना ही नहीं अस्पतालों में भर्ती होकर बिस्तर पर 18% जीएसटी दे सकते हैं। एटलस और मैप खरीद कर 12% जीएसटी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सहयोग कर सकते हैं। घूमने जाएं तो महंगे होटल में रुकने की जरूरत नहीं है अब ₹1000 से कम वाले कमरे में रुक कर भी हम देश को 12% जीएसटी दे सकते हैं अभी तक यह जीएसटी से बाहर था। गैर आईसीयू वाले अस्पताल में भर्ती होकर भी हम सरकार की मदद कर सकते हैं जहां पर सरकार को थोड़ा कम किंतु 5% जीएसटी मिल जाएगा। अभी तक हम एलईडी, लाइट, लैंप लगाकर बिजली की बचत करते थे अब इसे खरीद कर भी हम सरकार को 18% जीएसटी देकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करेंगे। कुल मिलाकर 18 जुलाई से देश के नागरिक सरकार, राष्ट्र निर्माण में बेहतर सहयोग कर सकेंगे।