24hnbc युवा कांग्रेस में भोजन की राजनीति
Wednesday, 11 May 2022 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
समाचार - बिलासपुर
बिलासपुर। पूरे प्रदेश के साथ बिलासपुर में भी युवा कांग्रेस चुनाव की हलचल दिखाई देती है क्योंकि इस चुनाव में केवल उसी अनुषंगी संगठन के सदस्य मतदाता होते हैं जिसका चुनाव होता है इसलिए यह हलचल उन्हीं के बीच होती है। बिलासपुर में युवा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के दावेदार से लेकर विधानसभा अध्यक्ष पद के दावेदार हैं और हर दावेदार अपने राजनीतिक आका को खुश रखना चाहता है, क्योंकि उसे ऐसा लगता है कि चुनाव जीतने के लिए यह थाली पूजा जरूरी है। इसी हफ्ते गुटीय संतुलन बनाने के लिए शहर विधायक के घर पर पहले भोज हुआ और बाद में विधायक के भोजन का प्रभाव घटाने के लिए महापौर के घर पर और भारी भोजन कराया गया जिन्हें भोजन पर आमंत्रित किया गया है उन्हें वोट नहीं डालना है वह केवल आका हैं और कुछ आका तो इतने प्रभावशाली हैं कि उनके साथ अपनी फोटो खिंचवाने और उसे वायरल करने मात्र से दूसरा गुट दबाव में आ जाता है। इस बार माना जा रहा है कि बिलासपुर से प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है और इसी मौके को सच साबित करने के लिए एक गुट दिन रात एक किए दे रहा है जबकि प्रतिस्पर्धी गुट अध्यक्ष पद बिलासपुर के कोटे में आए यह नहीं चाहता। इसके लिए एक ऐसे व्यक्ति की सेवाएं ली जा रही है जो किसी भी स्थान पर बैठकर कांग्रेस के किसी भी बडे नेता के खिलाफ बोलने की आदत रखता है भले ही मामला अनुशासन समिति तक चले जाए। अब देखने लायक होगा कि जिन्हें मतदान करना है वे अपने ईमान धरम से वोट देते हैं या आकाओं के दबाव से..... ।