24hnbc जेल दाखिल करने के 85 दिन बाद हुई शिनाख्त परेड, दर्रीघाट डकैती कांड
Monday, 18 Apr 2022 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
समाचार - बिलासपुर
बिलासपुर। मस्तूरी थाना डकैती जैसे संगीन अपराधों की विवेचना में कितना संजीदा है इसका एक उदाहरण 13 जनवरी दर्रीघाट में हुई डकैती और उसके आरोपियों का 22 जनवरी 2022 को पकड़ा जाना से जुड़ा हुआ है। सूत्र बताते हैं कि इस प्रकरण में उस समय की राजनैतिक दबाव से निकलने के लिए ताबड़तोड़ अपराधियों की अरेस्टिंग तो हुई किंतु जांच मे गंभीरता का अभाव लगातार देखा जा रहा है। थाना मस्तूरी के जांच अधिकारी ने गिरफ्तारी के 85 दिन बाद आरोपियों की पहचान परेड करवाई आज जेल में पहचान परेड रखी गई थी बताते हैं कि लगभग 10 लोगों को पेश किया गया जिनमें से प्रार्थी को पहचान करनी थी। सशस्त्र डकैती वारदात में एफ आई आर के मुताबिक ढाई लाख रुपए नगद चार लाख का माल लूटा गया था। पुलिस ने चार आरोपियों आनंद टोप्पो, छोटू सिंह, अजय कुमार ध्रुव, दुर्गेश ध्रुव को पकड़कर जेल दाखिल कराया डकैती के मुख्य आरोपी रमजान उर्फ बल्लू, माइकल सिंह, अनिल साय, अयूब खान, रमजान उर्फ बल्ला फरार हैं । पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रारंभ में कुछ तेजी दिखाई बाद में इस मामले में प्रगति नहीं हुई किंतु जांच का स्तर निश्चित रूप से नीचे उतर गया। गिरफ्तारी के 90 दिन के अंदर चालान लाना कानूनन जरूरी है अन्यथा आरोपियों को जमानत का लाभ प्राप्त होता है शायद इसीलिए आज गिरफ्तारी के 85 दिन बाद थाना मस्तूरी ने हिरासत में लिए गए न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे अभियुक्तों की पहचान कराई है इसके पहले घटना दिनांक के काफी दिन बाद जप्त सामग्री की पहचान भी कराई गई थी।