24hnbc तहसीलदार व नायाब तहसीलदार सहित राजस्व संघ की हड़ताल समाप्त
Thursday, 17 Feb 2022 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
समाचार - अम्बिकापुर
अम्बिकापुर / सरगुजा जिले में छग कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले संभागाध्यक्ष श्री संजय राठौर के निर्देशानुसार तथा जिलाध्यक्ष श्री भूषण सिंह मंडावी के मार्गदर्शन में रायगढ़ अंतर्गत न्यायालय परिसर में मारपीट व अभद्र व्यवहार के विरोध में सभी राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये थे। आज उन्होंने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी।
छग कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ सरगुजा के अध्यक्ष श्री भूषण सिंह मंडावी ने बताया कि गुरुवार को माननीय मुख्यमंत्री महोदय एवं राजस्व मंत्री महोदय के संज्ञान से सचिव महोदय राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा उचित पहल करते हुए संघ को अवगत कराया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है साथ ही राजस्व न्यायालय में सुरक्षा के लिए सभी जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया गया है। साथ ही राजस्व न्यायालय को दुरुस्त किये जाने सहित कार्यों की अधिकता को कम करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अतः आदरणीय सचिव महोदय के आश्वासन पर माननीय मुख्यमंत्री महोदय, छत्तीसगढ़ शासन एवं राजस्व मंत्री महोदय को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रांतीय कार्यकारिणी के सहमति पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा घोषित अनिश्चित कालीन हड़ताल को आज दिनांक 18 फरवरी को स्थगित किया जा रहा है।
सरगुजा संभाग से हड़ताल में तहसीलदार श्री इरशाद अहमद, प्रमोद चंद्रवंशी, रामराज सिंह, सहोदर पैकरा, उदयराज सिंह, नायब तहसीलदार श्री संजीत पांडे, किशोर वर्मा, मनीष सूर्यवंशी, कोमल साहू, अनिरुद्ध मिश्रा, नागेश तंजय तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।