
बोकारो स्टील प्लांट (Bokaro Steel plant) के लगभग 2000 अधिकारियों के घर 2 साल में दूसरी बार इस दीपावली पर अंधेरा होगा. इससे पहले वर्ष 2018 में भी वेतन समझौता सहित अन्य लंबित डिमांड को लेकर बीएसएल अधिकारियों ने दीपावली के दिन शाम 7 बजे से 7.15 बजे के बीच घर की बिजली बंद कर अंधेरा किया था. 2 वर्ष बाद एक फिर 2020 में भी दीपावली के दिन अधिकारी शाम 7 बजे से 7.15 बजे के मध्य घर की बिजली बंद रखेंगे. इन बीएसएल अधिकारियों की 2 साल पहले की मांग आज भी बरकरार है. वेतन समझौते में देरी सहित अन्य लंबित डिमांड को लेकर बीएसएल-सेल के अधिकारियों में खासी नाराजगी है. एक जनवरी, 2017 से वेतन समझौता लंबित है. इसके अलावा एचआरए (HRA), इंक्रीमेंट (Increment), प्रोत्साहन राशि (Incentive), डेली रिवार्ड स्कीम (Daily Reward Scheme), अर्नलीव इनकैशमेंट (Arnlive Incorporation), एस-11 ग्रेड (S-11 Grade) के बाद प्रमोशन पॉलिसी (Promotion Policy) न होने आदि विषयों को लेकर गुस्सा है. इसको लेकर सेफी ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है. शुरूआत बीएसएल-सेल में 9 नवंबर को कैंडल मार्च के साथ होगी.