24 HNBC News
24hnbc खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार हेतु आवेदन 15 अक्टूबर तक
Sunday, 03 Oct 2021 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
समाचार - बिलासपुर
 
बिलासपुर । वर्ष 2021 हेतु डाॅ. खूबचंद बघेल, कृषक रत्न पुरस्कार के लिए कृषकों से आवेदन पत्र कृषि विभाग द्वारा आमंत्रित किया गया है। आवेदन पत्र संबंधित जिले के उप संचालक कृषि कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किये जा सकते है। निर्धारित प्रपत्र में पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र संबंधित जिले के उप संचालक कृषि कार्यालय में 15 अक्टूबर 2021 तक जमा किया जा सकता है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में 2 लाख रूपए एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। 
 इस प्रतिस्पर्धा में ऐसे किसान ही सम्मिलित होने के लिए पात्र होंगे जो विगत दस वर्षो से कृषि का कार्य छ.ग. क्षेत्र में कर रहे हो, छ.ग. राज्य के मूल निवासी हो, कुल वार्षिक आमदनी मे से न्यून्तम 75 प्रतिशत आय कृषि से हो एवं ताकाबी, सिंचाई शुल्क, सहकारी बैंको का कालातीत ऋण न हो। 
 किसानों का चयन एवं मूल्यांकन फसल विविधीकरण एवं उत्पादकता वृद्धि हेतु नवीन कृषि तकनीकी अपनाने का स्तर, उन्नत कृषि तकनीकी के प्रचार-प्रसार एवं अन्य कृषकों द्वारा अपनाने के लिये प्रेरित करने हेतु प्रयास, विगत तीन वर्षाें से विभिन्न फसलों की उत्पादकता का स्तर एवं कृषि एवं सहयोगी क्षेत्र में कृषक द्वारा किया गया उल्लेेखनीय कार्य के आधार पर किया जाएगा। 
 कृषि क्षेत्र में सर्वाेत्तम कार्य करने वाले किसान को यह पुरस्कार दिया जाएगा। ऐसा किसान जो खेती में नवीन तकनीकी को अपनाता हो, जिसकी फसल सघनता अच्छी हो, समन्वित कृषि प्रणाली एवं फसल विविधिकरण अपनाता हो, कृषि क्षेत्र में नवोन्वेषी कार्य करता हो, भूमि एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो, कृषि संसाधनों का श्रेष्ठतम उपयोग करता हो, कृषि विपणन में जिसका योगदान हो, इत्यादि को यह पुरस्कार दिया जाएगा। 
 पुरस्कार हेतु कृषकों के आवेदन पत्र में उल्लेखित तथ्यों का सत्यापन विकासखण्ड स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। कृषकों का चयन जिला स्तरीय छानबीन समिति एवं राज्य स्तरीय जूरी के द्वारा किया जाएगा और उनके द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम होगा।