
मध्यप्रदेश में सरकार का भविष्य तय करने वाले 28 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। 19 जिलों की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आज बंपर वोटिंग हुई है। अगर पूरे प्रदेश की बात की जाए तो शाम छह बजे तक मतदान का आंकड़ा 70 फीसदी के पार पहुंचता दिख रहा है। देर रात तक कुल मतदान के आखिरी आंकड़ें सामने आने की उम्मीद है। सुबह 7 बजे से शुरु हुई वोटिंग में कई विधानसभा सीटों पर वोटरों ने बंपर वोटिंग की है। आगर, ब्यावरा, सुवासरा, बमोरी और सुमावली विधानसभा सीटों पर वोटिंग का आंकड़ा 80 फीसदी के उपर पहुंच सकता है।
प्रदेश में सरकार का भविष्य तय करने वाले उपचुनाव का पूरा दिन काफी गहमागहमी भरा रहा। मतदान वाले जिलों के साथ भोपाल में सियासी पारा चढ़ा हुआ दिखाई दिया। सत्ता और विपक्ष दोनों के ही बड़े नेता पार्टी दफ्तर में बेहद सक्रिय दिखाई दिए। वोटिंग के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा पार्टी मुख्यालय में डटे रहे वहीं दूसरी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह कांग्रेस के वॉर रूम में बैठकर वोटिंग की मॉनिटिरिंग करते हुए दिखाई दिए।