
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक बैठक के दौरान ममता सरकार पर निशाना साधा।नड्डा ने कहा कि हमारी नीति सभी के विकास के लिए है। वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार है, जो फूट डालो और राज करो के विचार पर काम कर रही हैं। वहीं नड्डा ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को बहुत जल्द लागू किया जाएगा।कोविड-19 महामारी के कारण इस कार्य में देरी हुई है।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि ममता बनर्जी पार्टी हित के लिए काम करती हैं। तृणमूल कांग्रेस सरकार राज्य में फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कर रही है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ- सबका विकास’ की नीति पर काम कर रहे हैं। मोदी सरकार समावेशी नीति पर काम कर रही है, सभी के विकास के लिए काम कर रही है।भाजपा समाज को जोड़ने का कार्य करती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस समाज को तोड़ने का कार्य कर रही है।उन्होंने विश्वास जताया कि 2021 में राज्य विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा अगली सरकार बनाएगी क्योंकि राज्य की जनता टीएमसी सरकार की हिंसा और धन-संस्कृति से तंग आ चुकी है।