24hnbc बैंड बाजा का व्यवसाय करने वालों का जीवन निर्वहन करना हुआ दुर्बल, की शासन प्रशासन से गुहार
Tuesday, 01 Jun 2021 18:00 pm
24 HNBC News
24 HNBC . बिलासपुर
बिलासपुर । कोविड-19 के संक्रमण और उसके चलते लागू हुई लॉकडाउन की बंदिशों ने शहर के शादी समारोह की रौनक बढ़ाने वाले बैंड और डिस्को लाइट वालों का कारोबार का बेड़ा गर्क कर दिया है। विवाह समारोह पर लगी पाबंदी और लॉक डाउन की गाइडलाइन ने उन्हें कहीं का नहीं छोड़ा है। बिलासपुर शहर में 30 से अधिक बैंड पार्टी वाले हैं. जिसमें से हर पार्टी में 9 से 10 कलाकार काम करते हैं। इनके पास रोजी रोटी कमाने और परिवार का खर्चा चलाने का, इसके अलावा और कोई साधन भी नहीं है। ये तो सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि लंबे लॉकडाउन और बैंड बाजा पर लगी पाबंदियों के कारण इनकी स्थिति क्या हो गई होगी।अहम बात तो ये है कि इस कारोबार से जुड़े इन लोगो की सिर्फ लगन के समय ही पूछ परख होती है तथा इसी सीजन में अर्जित धन से ही पूरे वर्ष इनके परिवार का पालन पोषण होता है और इसी सीजन में इस कारोबार पर लगी पाबंदियों से इनके हालात काफी दयनीय हो गए है अभी तक कर्जा करके जैसे तैसे इतने दिन इन्होंने गुजरे परन्तु बात अब पेट तक आ पहुंची तब जाकर आज उन्होंने कलेक्टर बिलासपुर को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि उन्हें रात को 10 बजे तक बैंड बजाने और डिस्को लाइट के साथ संगीत देने की अनुमति दी जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि यदि उन्हें ऐसी अनुमति मिल जाती है तो, वे सोशल डिस्टेंसिंग समेत सभी गाइड लाइन का पूरा पूरा पालन करेंगे। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर बिलासपुर से अनुमति मिलने पर ही उनके परिवार के सामने खड़ी भुखमरी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। वैसे यह पहला मौका नहीं है जब बैंड पार्टी वालों ने कलेक्टर से इस तरह की गुहार की हो। इसके पहले भी एकाधिक बार कलेक्टर से उनके द्वारा आग्रह किया जा चुका है। लेकिन कोविड-19 के संक्रमण और उससे बचने के लिए लागू लॉक डाउन की गाइडलाइन से जिला प्रशासन के भी हाथ बंधे हुए हैं। सो, देखना यह होगा कि इस बार मुफलिसी से परेशान शहर के बैंड पार्टी वालों की हालत पर जिला प्रशासन का दिल पसीजता है अथवा नहीं।