24 HNBC News
ऑनलाइन के स्थान पर नगद भुगतान की मांग
Friday, 02 Apr 2021 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

बीजापुर24HNBC .

 तेंदूपत्ता संघर्ष समिति के झंडे तले सैकड़ों आदिवासी धारा 144 लागू होने के बावजूद जिला मुख्यालय में गुरुवार सुबह पहुंचे। उन्होंने तेंदूपत्ता की दर बढ़ाने और आनलाइन के बजाय नकद भुगतान की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।मिली जानकारी के मुताबिक रैली की शक्ल में आए लोग जिला मुख्यालय में इंद्रावती टाइगर रिजर्व कार्यालय के सामने सुबह सात बजे एकत्र हुए। बताया गया है कि इनमें भैरमगढ़ और गंगालूर इलाके के ज्यादातर लोग थे।अचानक भीड़ की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस सतर्क हुई और इन्हें तुमनार मार्ग की ओर जाने कहा गया। वहां एसडीएम देवेश ध्रुव को लोगों ने ज्ञापन सौंपा। तेंदूपत्ता संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से प्रति गड्डी पांच रुपये दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा समिति ने कहा है कि आनलाइन भुगतान की बजाए संग्राहकों को नगद राशि दी जाए। अभयारण्य में भी तेंदूपत्ता तुड़ाई की अनुमति दी जाए और वहां फड़ खोले जाएं। तेंदूपत्ता संग्राहकों के परिवार के बच्चों को अनिवार्य रूप से छात्रवृत्ति दी जानी चाहिए। समिति ने कहा है कि वनोपज की दर तय करने का अधिकार जनता को दिया जाना चाहिए। तेंदूपत्ता तुड़ाई के दौरान हिंसक पशुओं के हमले या फिर अन्य घटना में घायल होने पर पीड़ित को एक लाख रुपये एवं मृत्यु की दशा में उसके परिवार को पांच लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाना चाहिए।