24 HNBC News
विस्फोटक की खेप थी किसके लिए जांच जारी
Tuesday, 23 Mar 2021 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24HNBC झारखंड के दुमका में मिली विस्‍फोटकों की खेप अवैध ढंग से पत्‍थर खदान करने वालों को भेजी जा रही थी या नक्‍सली संगठनों को, पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। इस बीच दुमका के एसपी ने खुलासा किया है कि गिरोह का सरगना देवघर का रहने वाला है। इस मामले में चार अन्‍य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। गौरतलब है कि दुमका जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए हैं। पुलिस ने मुफस्सिल थाना के ढोढियां मोड़ के पास टाटा सूमो गोल्ड गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो उसमें 3900 पीस डिटोनेटर और 2800 पीस जिलेटिन मिला। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को कहीं से गुप्‍त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी ने डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की थी। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उनके नाम सुभाष टूडू और मुकेश राउत हैं। दोनों देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। एसपी अंबर लकड़ा ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि विस्फोटक लदे वाहन देवघर से साहेबगंज की ओर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके पीछे अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है। एसपी ने कहा कि निकट भविष्‍य में कई जगहों पर चुनाव होने वाले हैं।झारखंड का दुमका जिला पश्चिम बंगाल से सटा है। वहां चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस इस एंगिल से भी मामले की जांच कर रही है। वैसे पहले भी यहां विस्‍फोटक पकड़े जाते रहे हैं। पिछली बार जामा थाना क्षेत्र की पुलिस ने दुमका -जामताड़ा मुख्य मार्ग पर लकड़जोरिया के पास चेकनाका पर हाइवा पर लदे अमोनियम नाइट्रेट के 80 और जिलेटिन से भरे 10 पैकेट बरामद किए थे। तब पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।