
नई दिल्ली:24HNBC
सुप्रीम कोर्ट ने दो साल पहले हुई कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया की हत्या के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आरोपी बसपा विधायक के पति को गिरफ्तार करने में नाकाम रहने को लेकर नाराजगी जताई और राज्य के पुलिस महानिदेशक को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए.शीर्ष अदालत ने दमोह पुलिस अधीक्षक द्वारा एक न्यायिक अधिकारी के कथित उत्पीड़न का भी संज्ञान लिया और राज्य के पुलिस प्रमुख को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए.मामले की सुनवाई कर रहे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने बसपा विधायक रामबाई सिंह के पति गोविंद सिंह ठाकुर को हत्या आरोपी के तौर पर शामिल किया था.न्यायाधीश ने आठ फरवरी के अपने आदेश में उल्लेख किया था कि उन पर दमोह के पुलिस अधीक्षक और उनके अधीनस्थों द्वारा दबाव डाला जा रहा है.इस साल फरवरी में दमोह के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आरपी सोनकर ने विधायक के पति के खिलाफ वारंट जारी किया था. बाद में उन्होंने जिला जज को चिट्ठी लिख कर बताया कि वारंट जारी करने के बाद से जिले के एसपी और दूसरे पुलिस अधिकारी उन्हें धमका रहे हैं.जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस एमआर शाह की पीठ ने पाया कि गैर जमानती वारंट के बावजूद गोविंद सिंह ठाकुर गिरफ्तारी से बचता रहा.लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, पीठ ने कहा, ‘गिरफ्तारी वारंट जारी करने पर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश को एसपी द्वारा डराया जा रहा है? क्या राज्य में कानून का कोई शासन है?’पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारी ने दावा किया है कि आरोपी ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए, जो कि बेहद प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति है.साथ ही न्यायिक अधिकारी ने इस लंबित मामले की सुनवाई दूसरे न्यायाधीश के समक्ष स्थानांतरित करने का निवदेन किया, जिसे जिला न्यायाधीश ने खारिज कर दिया.जस्टिस शाह ने कहा, ‘यदि आप गिरफ्तारी नहीं कर सकते हैं, तो स्वीकार करें कि आप संविधान के अनुसार प्रशासन का संचालन करने में विफल रहे हैं.’इस पर जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा, ‘यह जंगलराज है.’पीठ ने कहा, ‘हम मामले के मुताबिक मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को दूसरे प्रतिवादी गोविंद सिंह की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और इस अदालत में व्यक्तिगत हलफनामा दायर कर रिपोर्ट सौंपें.’पीठ देवेंद्र चौरसिया के पुत्र सोमेश और राज्य सरकार द्वारा सिंह को अन्य मामले में दी गई जमानत रद्द करने के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी.