24 HNBC News
पार्षद पर एफ आई आर करना पड़ा भारी टी आई लाइन हाजिर
Sunday, 14 Mar 2021 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

 

 

अंबिकापुर।24HNBC 

कोतवाली थाना परिसर में आरक्षक के साथ मारपीट के मामले में कांग्रेसी पार्षद के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने वाले अंबिकापुर कोतवाली प्रभारी भारद्वाज सिंह को लाइन भेज दिया गया है। एफआइआर दर्ज होने के बाद से ही यह दावा किया जा रहा था कि घटना में कांग्रेसी पार्षद शामिल नहीं थे। उसके बावजूद उनके खिलाफ नामजद अपराध पंजीबद्ध किया। कांग्रेसी पार्षद दीपक मिश्रा ने एफआइआर दर्ज होने के बाद खुद सामने आकर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरपी साय से मुलाकात की थी। उन्होंने लिखित ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया था कि थाना परिसर में मारपीट का जो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, उस वीडियो की भी जांच करा ली जाए। घटना के वक्त पार्षद दीपक मिश्रा थाना परिसर में मौजूद भी नहीं थे। उनका कहना था कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते कुछ परिचित लोगों के थाने में होने की सूचना पर वे काफी विलंब से पहुंचे थे। वहां पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों से उनकी मुलाकात भी हुई थी। बतौर जनप्रतिनिधि जनता की ओर से सामने आई शिकायत के आधार पर वे मामले की जानकारी लेने कोतवाली पहुंचे थे लेकिन बगैर किसी प्रमाण के पुलिस ने उन्हीं के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर दिया है जो न्याय संगत नहीं है। पार्षद दीपक मिश्रा युवक कांग्रेस के पदाधिकारी भी हैं। सत्ता पक्ष के पार्षद के खिलाफ बगैर जांच अपराध दर्ज किए जाने से पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई थी। उम्मीद की जा रही थी कि शासन स्तर पर कोई निर्देश जारी होगा  क्योंकि मामला कांग्रेस संगठन और सत्ता तक पहुंचा था। आखिरकार सरगुजा एसपी टीआर कोशिमा को कोतवाली थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह को हटाना पड़ा।